
न्यूज दस्तक 24 (एजेंसी)
कटघोरा/कोरबा, 09 सितंबर 2026।
संचालनालय आयुष रायपुर के आदेश एवं प्रभारी जिला आयुष अधिकारी डॉ. श्वेता एक्का के दिशा-निर्देशन में बुधवार को कटघोरा ब्लॉक का ब्लॉक स्तरीय आयुष स्वास्थ्य शिविर वार्ड क्रमांक 13, जुराली में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शिविर को लेकर नगरवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला। विशेष रूप से वार्ड क्रमांक 13 के पार्षद एवं मितानिनों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक चले स्वास्थ्य शिविर में लगभग 352 मरीजों का पंजीयन किया गया। ड्यूटी में तैनात
आयुष चिकित्सकों द्वारा मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया गया
तथा उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के अनुसार उचित औषधियां प्रदान की गईं।
शिविर के दौरान आयुष स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों एवं कर्मचारियों ने पूरी तत्परता और सक्रियता के साथ अपनी सेवाएं दीं। स्वास्थ्य जांच के साथ लोगों को स्वस्थ जीवनशैली एवं बीमारी से बचाव के संबंध में आवश्यक सलाह भी दी गई।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
शिविर को सफल बनाने में स्वास्थ्य मेला प्रभारी डॉ. नेहा मिंज, डॉ. पुष्पलता भगत, डॉ. नीलिमा श्रीवास, डॉ. सोमती कंवर, सहित सत्य नारायण, शेख रिज़वान, संजय कंवर, कुंज बिहारी, दुर्गा प्रसाद, कालेश्वर एवं लक्ष्मण कंवर का विशेष सहयोग रहा।
352 मरीजों का पंजीयन और स्वास्थ्य परीक्षण शिविर के प्रति लोगों के बढ़ते भरोसे को दर्शाता है।
स्थानीय लोगों ने इस तरह के स्वास्थ्य शिविरों को ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के जरूरतमंद लोगों के लिए उपयोगी बताते हुए आयोजन की सराहना की।




