खरसिया : सेवा संकल्प अभियान के तहत चोढ़ा बस्ती पारा में सजा आंगन, बच्चों की प्रतिभा ने मोहा मन
पोषण जागरूकता से लेकर पौधारोपण तक हुआ आयोजन, स्वस्थ लईका-स्वस्थ महतारी का सम्मान, बच्चों को मिला खिलौना व फल

न्यूज दस्तक 24 की खास रिपोर्ट
खरसिया। परियोजना खरसिया के सेक्टर फरकानारा अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र चोढ़ा बस्ती पारा में आज सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी प्रबंधन समिति के सदस्यों, पालकों, महिला समूह, मितानिन एवं गणमान्य नागरिकों की सहभागिता रही।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों एवं गणमान्य नागरिकों के तिलक लगाकर स्वागत के साथ हुई। इसके पश्चात अतिथियों द्वारा मां सरस्वती एवं राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना की गई। अतिथियों का गुलदस्ता भेंटकर स्वागत किया गया।

कार्यक्रम में बच्चों ने बाल गीत प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं पौष्टिक व्यंजनों का प्रदर्शन कर बच्चों एवं महिलाओं के लिए पौष्टिक एवं संतुलित आहार के महत्व पर जागरूकता का संदेश दिया गया।
ICDS योजनाओं और पोषण की दी गई जानकारी
सेक्टर फरकानारा की सुपरवाइजर श्रीमती लक्ष्मी पटेल ने एकीकृत बाल विकास सेवा (ICDS) की विभिन्न योजनाओं एवं पात्रता की जानकारी दी तथा योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों से चर्चा की। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती राधिका चौहान, मितानिन श्रीमती मीना बाई सारथी एवं बीडीसी श्रीमती बिन्देस्वरी राठिया ने पोषण के महत्व और संतुलित आहार को लेकर उपस्थित लोगों को जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान ‘स्वस्थ लईका-स्वस्थ महतारी’ को सम्मानित किया गया। साथ ही अतिथियों द्वारा मुनगा पौधे का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं पोषण दोनों का संदेश दिया गया।
बच्चों को खिलौने और फल बांटकर बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा बच्चों को खिलौने एवं फल वितरित किए गए। बच्चों ने आकर्षक पोषण फैशन शो प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया। बाल गीत एवं फैशन शो में हिस्सा लेने वाले बच्चों को पेन देकर सम्मानित किया गया।
वहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं मितानिन का भी सम्मान किया गया। जनसहयोग से आयोजित नेवता भोज में बच्चों एवं उपस्थित लोगों को खीर, पूरी और केला वितरित किया गया।
हितग्राहियों ने साझा की ‘मेरी कहानी, मेरी जुबानी’
कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण हिस्सा ‘मेरी कहानी, मेरी जुबानी’ रहा, जिसमें महतारी वंदन योजना एवं मातृ वंदना योजना के हितग्राहियों ने योजनाओं से मिले लाभ और अपने अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बीडीसी श्रीमती बिन्देस्वरी राठिया सहित पंच श्रीमती दशोदा राठिया, श्रीमती रंजीता मालाकार, श्रीमती हेमवती राठिया एवं श्रीमती हर्षिका राठिया उपस्थित रहीं। आंगनबाड़ी प्रबंधन समिति एवं पालक सदस्यों में श्रीमती चेतना राठिया, श्रीमती पूर्णिमा राठिया, श्रीमती केवला राठिया सहित महिला समूह की सदस्य, श्री राठिया जी एवं अन्य गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के माध्यम से पोषण, स्वास्थ्य, बाल विकास, महिला सशक्तिकरण, जनसहभागिता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम बच्चों, महिलाओं और ग्रामीण समुदाय को योजनाओं से जोड़ने तथा जागरूकता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बना।




