
न्यूज दस्तक 24 की खास रिपोर्ट
कोरबा/जटगा। जटगा क्षेत्र के केरहा नाला के पास एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक बाइक चालक का अचानक संतुलन बिगड़ गया, जिसके चलते बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में बाइक चालक को गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार केरहा नाला के पास बाइक क्रमांक CG 12 BU 6189 से जा रहे चालक का अचानक संतुलन बिगड़ गया। संतुलन बिगड़ते ही बाइक अनियंत्रित होकर सड़क के नीचे खेत में जा गिरी। हादसा इतना अचानक हुआ कि आसपास मौजूद लोगों में भी कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई।
दुर्घटना के बाद बाइक चालक घायल अवस्था में मौके पर पड़ा रहा। घटना की जानकारी मिलते ही जटगा चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने स्थिति को समझते हुए बिना समय गंवाए घायल को सुरक्षित संभाला और तत्काल उपचार के लिए जटगा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां से स्थिति को समझते हुए कटघोरा शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया है।
पुलिस की सूझबूझ से समय पर मिला उपचार
इस पूरे घटनाक्रम में जटगा चौकी पुलिस की तत्परता और सूझबूझ महत्वपूर्ण रही। दुर्घटना के बाद यदि घायल को समय पर उपचार नहीं मिलता तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
फिलहाल चालक की हालत गंभीर और नाजुक बताई जा रही है। वहीं, घायल की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस दुर्घटना के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटा रही है और घायल की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
हादसे ने फिर खड़े किए सड़क सुरक्षा पर सवाल
केरहा नाला के पास हुई यह दुर्घटना एक बार फिर सड़क पर वाहन चलाते समय सावधानी बरतने की जरूरत को सामने लाती है। तेज रफ्तार, अचानक संतुलन बिगड़ना अथवा सड़क की परिस्थितियां—हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस द्वारा दुर्घटनाग्रस्त बाइक CG 12 BU 6189 के आधार पर भी आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है। हादसे की परिस्थितियों और चालक की पहचान सामने आने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल जटगा से रेफर कर कटघोरा के लिए भेज दिया गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।




