BIG BREAKING | गुरसिया में पेट्रोल-डीजल से भरे टैंकर में भीषण आग, NH-130 पर मचा हड़कंप कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग पर टला बड़ा हादसा! इंडियन ऑयल के टैंकर के इंजन में अचानक भड़की आग, मौके पर पहुंची बांगो पुलिस

पोड़ी-उपरोड़ा/कोरबा, 10 सितंबर 2026।
कटघोरा-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग NH-130 पर गुरसिया के पास गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पेट्रोल और डीजल से भरे इंडियन ऑयल के टैंकर ट्रक में अचानक आग भड़क उठी। टैंकर में ज्वलनशील ईंधन भरा होने के कारण घटना को बेहद संवेदनशील माना जा रहा है।
खाना खाने के बाद वाहन स्टार्ट करते ही इंजन में लगी आग
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंडियन ऑयल का टैंकर कोरबा से पेट्रोल-डीजल लोड कर वाड्रफनगर की ओर जा रहा था। बताया जा रहा है कि गुरसिया ढाबा के पास चालक वाहन खड़ा कर खाना खाने गया था। खाना खाने के बाद जैसे ही चालक ने टैंकर को स्टार्ट करने का प्रयास किया, इंजन के हिस्से में अचानक आग भड़क उठी।
आग देखते ही चालक और आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी और पेट्रोल-डीजल से भरे टैंकर में आग की सूचना से दहशत का माहौल बन गया।
टैंकर में भरा था पेट्रोल-डीजल, बड़ा खतरा टला
सबसे गंभीर बात यह है कि जिस टैंकर के इंजन में आग लगी, उसमें पेट्रोल और डीजल भरा हुआ था। ऐसे में आग टैंकर के ईंधन टैंक तक पहुंचती तो स्थिति बेहद भयावह हो सकती थी। फिलहाल आग इंजन वाले हिस्से में लगी होने की जानकारी सामने आई है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची बांगो पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही बांगो पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने की कार्रवाई शुरू की। आग पर काबू पाने के प्रयास किए जा रहे हैं। सुरक्षा की दृष्टि से घटनास्थल पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
NH-130 पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठे सवाल
राष्ट्रीय राजमार्ग पर ज्वलनशील पदार्थ से भरे टैंकर में आग लगने की इस घटना ने हाईवे पर आपातकालीन सुरक्षा व्यवस्था और अग्निशमन इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि आग इंजन से बढ़कर टैंकर के ईंधन भंडारण हिस्से तक पहुंच जाती, तो बड़ा हादसा होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था।
फिलहाल पुलिस और संबंधित टीम की निगरानी में स्थिति को नियंत्रित करने की कार्रवाई जारी है। घटना में किसी जनहानि की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।




