खरसिया // तिऊर में आंगन मिलन कार्यक्रम का भव्य आयोजन, गोदभराई-अन्नप्राशन के साथ “हर घर मुनगा” का संदेश

न्यूज दस्तक 24 की खास रिपोर्ट
खरसिया। विकासखंड खरसिया के ग्राम पंचायत तिऊर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र तिऊर रोड में सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन मिलन कार्यक्रम का आयोजन उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण, महिला सशक्तिकरण तथा पर्यावरण संरक्षण को लेकर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।

कार्यक्रम में गोदभराई संस्कार के अंतर्गत भुनेश्वरी बरेठ का सम्मानपूर्वक गोदभराई कार्यक्रम कराया गया। वहीं अन्नप्राशन संस्कार के तहत साची (साहित्या चंद्रमणी) साहू को अन्नप्राशन कराया गया। “स्वस्थ लइका, स्वस्थ महतारी” अभियान के तहत सात्विक (प्रीति रविन्द्र गबेल) के माध्यम से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान “मेरी कहानी, मेरी जुबानी” के अंतर्गत श्रीमती इंदु सिदार ने अपने अनुभव साझा किए। साथ ही क्षेत्र में महिला एवं बाल विकास सेवाओं को मजबूत बनाने में योगदान देने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, मितानिनों एवं एमटी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती टिकेश्वरी चूड़ामणी गबेल, सहायिका सुकवारा गबेल, सेक्टर बरगढ़ की सुपरवाइजर श्रीमती सरस्वती टंडन, ग्राम पंचायत तिऊर की सरपंच श्रीमती रजनी सिदार, उपसरपंच श्रीमती खिलावन रमेश साहू, वरिष्ठ सदस्य मस्तराम गबेल सहित पंच तुलसी निषाद, नेहा साहू एवं पूनम श्रीवास तथा बड़ी संख्या में महिलाएं एवं ग्राम के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर “हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा” अभियान के तहत मुनगा पौधों का रोपण किया गया। ग्रामीणों को मुनगा के पोषण संबंधी महत्व से अवगत कराते हुए प्रत्येक घर में मुनगा का पौधा लगाने के लिए प्रेरित किया गया।
आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित यह कार्यक्रम केवल एक औपचारिक आयोजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण, महिला जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण को एक साथ जोड़ते हुए ग्रामीणों के बीच जनजागरूकता का प्रभावी संदेश देकर संपन्न हुआ।




