Welcome to News Dastak 24   Click to listen highlighted text! Welcome to News Dastak 24
छत्तीसगढ़टॉप न्यूज़रायपुर

रायपुर : तिरंगा शक्ति फेस्ट 2026 का भव्य ग्रैंड फिनाले संपन्न* *31 चयनित बाल प्रतिभाओं की शानदार प्रस्तुतियों ने बांधा समां, दिव्यांग बच्चों के बैंड और महिला आत्मरक्षा प्रस्तुति ने भी जीता दिल*

 

न्यूज दस्तक 24 (एजेंसी)

रायपुर, 14 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जिला प्रशासन रायपुर एवं नगर निगम रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित “तिरंगा शक्ति फेस्ट 2026” का भव्य ग्रैंड फिनाले शुक्रवार शाम 6 बजे शहीद स्मारक भवन, रायपुर में उत्साह, उमंग और देशभक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ।

 

कला, संस्कृति, देशभक्ति और बाल प्रतिभाओं को समर्पित इस आयोजन में जिलेभर से चयनित 31 प्रतिभाशाली बच्चों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने पूरे सभागार को तालियों, उत्साह और देशभक्ति की भावना से सराबोर कर दिया।

 

 

तिरंगा शक्ति फेस्ट का आयोजन दो चरणों में किया गया। प्रथम चरण में 10 एवं 11 अगस्त को टाउन हॉल, घड़ी चौक, रायपुर में सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक ऑडिशन राउंड आयोजित हुआ। इसमें जिलेभर से कुल 194 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

 

प्रतिभागियों ने गायन, नृत्य, इंस्ट्रूमेंटल, गिटार, तबला, हार्मोनियम सहित विभिन्न कला विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतिभा, प्रस्तुति कौशल एवं कला के आधार पर 31 उत्कृष्ट प्रतिभागियों का चयन ग्रैंड फिनाले के लिए किया गया।

 

14 अगस्त को आयोजित ग्रैंड फिनाले में इन सभी चयनित प्रतिभाओं ने मंच पर अपनी कला का शानदार प्रदर्शन किया। उनकी प्रस्तुतियों में प्रतिभा के साथ-साथ आत्मविश्वास, रचनात्मकता और देशप्रेम की भावना भी देखने को मिली। ग्रैंड फिनाले को और अधिक विशेष एवं यादगार बनाने के लिए अनेक आकर्षक विशेष प्रस्तुतियां भी आयोजित की गईं।

 

प्रसिद्ध कलाकार अरुणिमा शर्मा जी ने छत्तीसगढ़ी लोकगीत “चनाके डार राजा” की मनमोहक प्रस्तुति देकर समां बांध दिया। छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और संगीत से सजी इस प्रस्तुति पर दर्शक झूम उठे। वहीं डॉ. मिताली मैम ने अपनी अनूठी पपेट एवं कार्टून वॉइस प्रस्तुति से बच्चों एवं दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। उनकी प्रस्तुति पर सभागार में खूब तालियां गूंजीं।

 

कार्यक्रम का एक अत्यंत भावुक और प्रेरणादायी क्षण जिला प्रशासन की अभिनव पहल “प्रोजेक्ट दिव्यधुन” के अंतर्गत तैयार किए गए दिव्यांग बच्चों के विशेष बैंड की प्रस्तुति रही। बच्चों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और समर्पण ने उपस्थित दर्शकों को भावुक और गौरवान्वित कर दिया।

 

कार्यक्रम में टीम प्रहरी द्वारा महिला आत्मरक्षा की थीम पर विशेष प्रस्तुति दी गई। साहस, आत्मविश्वास और नारी सशक्तिकरण पर आधारित इस प्रस्तुति ने महिला सुरक्षा एवं आत्मरक्षा के प्रति जागरूकता का प्रभावशाली संदेश दिया।

 

अतिथियों ने सभी चयनित प्रतिभागियों एवं विशेष प्रस्तुतियां देने वाले कलाकारों का उत्साहवर्धन किया तथा उनकी कला, प्रतिभा और प्रयासों की सराहना की।

 

 

तिरंगा शक्ति फेस्ट 2026 का उद्देश्य जिले के बच्चों एवं युवाओं को अपनी प्रतिभा और कला प्रदर्शित करने के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना तथा स्वतंत्रता दिवस की भावना को कला एवं संस्कृति के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाना रहा।

 

31 चयनित बाल प्रतिभाओं की शानदार प्रस्तुतियों और विशेष कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने तिरंगा शक्ति फेस्ट 2026 के ग्रैंड फिनाले को कला, संस्कृति, प्रतिभा, समावेशिता और सशक्तिकरण का अनूठा संगम बना दिया।

 

कार्यक्रम में महापौर श्रीमती मीनल चौबे एवं कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने सभी चयनित प्रतिभागियों को उनकी प्रस्तुतियों के लिए सम्मानित किया।

 

 

कार्यक्रम में नगर निगम आयुक्त श्री संबित मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ श्री कुमार बिश्वरंजन एवं नगर निगम रायपुर के कल्चर अध्यक्ष श्री अमर गेदवानी जी सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!