पोड़ी उपरोड़ा : रात में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का हाल बेहाल! न डॉक्टर, न नर्स, न स्टाफ—इलाज कराने पहुंचे मरीज के पिता ने लगाए गंभीर आरोप
कटोरी नगोई स्वास्थ्य केंद्र में रात की व्यवस्था पर उठे सवाल, सुनसान मिला अस्पताल परिसर; इमरजेंसी मरीजों की जिम्मेदारी कौन संभालेगा?

न्यूज दस्तक 24 की खास रिपोर्ट
कोरबा/कटघोरा। पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम पंचायत कटोरी नगोई स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में रात के समय स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। इलाज कराने पहुंचे एक मरीज के पिता ने अस्पताल में डॉक्टर एवं स्वास्थ्यकर्मियों की मौजूदगी और रात की व्यवस्था को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। मौके पर भी रात के समय डॉक्टर, नर्स अथवा अन्य स्टाफ मौजूद नहीं मिलने की बात सामने आई।
मरीज के पिता का आरोप है कि वे अपने बच्चे का इलाज कराने स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, लेकिन वहां अपेक्षित स्वास्थ्यकर्मी मौजूद नहीं मिले। ऐसी स्थिति में मरीज और उसके परिजनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र की रात की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों से मामले की जांच की मांग की है।
मौके पर पंजीयन कक्ष खाली पड़ा था। टेबल पर फाइलें और रजिस्टर रखे हुए थे, लेकिन कर्मचारी मौजूद नहीं दिखा। दवा काउंटर पर दवाइयां रखी थीं, मगर मरीजों को दवा देने वाला कोई कर्मचारी नजर नहीं आया। मरीजों के बैठने के लिए लगी कुर्सियां खाली थीं और वार्डों में भी अंधेरा नजर आया।
मरीज के पिता का गंभीर आरोप—रात में स्वास्थ्य केंद्र में कौन संभालेगा मरीज?
मरीज के पिता ने आरोप लगाते हुए कहा कि यदि रात के समय किसी मरीज की हालत अचानक गंभीर हो जाए तो प्राथमिक उपचार और तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जिम्मेदार स्वास्थ्यकर्मी ही मौजूद नहीं रहते। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को मजबूरी में दूसरे स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल का रुख करना पड़ सकता है।
हालांकि, स्वास्थ्यकर्मियों की अनुपस्थिति के वास्तविक कारण, उस समय की ड्यूटी व्यवस्था और ड्यूटी रोस्टर की स्थिति स्वास्थ्य विभाग के आधिकारिक पक्ष के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
ग्रामीणों में नाराजगी, जांच की मांग
स्थानीय ग्रामीणों ने भी रात के समय स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई है। ग्रामीणों की मांग है कि स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले की जांच करे और यह सुनिश्चित करे कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में निर्धारित समय के अनुसार डॉक्टर, नर्स एवं आवश्यक स्टाफ की उपस्थिति बनी रहे।
अब सवाल यह है कि अगर रात में कोई गंभीर मरीज कटोरी नगोई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचता है, तो उसकी तत्काल चिकित्सा सहायता की जिम्मेदारी कौन निभाएगा? ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से मामले में जांच कर आवश्यक कार्रवाई एवं रात की स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारु करने की मांग की है।




