Welcome to News Dastak 24   Click to listen highlighted text! Welcome to News Dastak 24
E-Paperhttps://newsdastak24.in/wp-content/uploads/2024/01/jjujuu.gifक्राइमगौरेला पेंड्रा मरवाहीछत्तीसगढ़टॉप न्यूज़

GPM : कलेक्टर ने आंगनबाड़ी एवं स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: कलेक्टर

आमाडांड़ आंगनबाड़ी केंद्र में दाल की गुणवत्ता पर जताई नाराजगी स्वास्थ्य केन्द्र में रिकॉर्ड संधारण में लापरवाही पर सुपरवाइजर को कारण बताओ नोटिस के निर्देश

 

न्यूज दस्तक 24 

           गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 1 अक्टूबर 2026/कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने आज आंगनबाड़ी केंद्र अमाडांड, आंगनबाड़ी केंद्र कोडगार तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिर-प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोडगार का निरीक्षण कर उपलब्ध व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की उपस्थिति, निर्धारित मेन्यू के अनुसार दिए जा रहे भोजन, भोजन की गुणवत्ता, बच्चों की पोषण स्थिति तथा आंगन मिलन सेवा के तहत संचालित गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि बच्चों के पोषण से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। आंगनबाड़ी केंद्र अमाडांड में कलेक्टर ने बच्चों के लिए तैयार भोजन की गुणवत्ता स्वयं जांची। दाल की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को व्यवस्था में तत्काल सुधार लाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित सेक्टर सुपरवाइजर से दूरभाष पर चर्चा कर नियमित निगरानी करने और भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने कहा।

कलेक्टर ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर-प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोडगार का भी निरीक्षण किया। उन्होंने गर्भवती महिलाओं के पंजीयन, ओपीडी में आने वाले मरीजों, जनरल वार्ड, प्रसव कक्ष, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता एवं साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने स्वास्थ्य अमले को मरीजों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और केंद्र में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान रिकॉर्ड संधारण में लापरवाही पाए जाने पर कलेक्टर ने सुपरवाइजर श्री मुन्ना सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी करने जिला पंचायत सीईओ को निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि आंगनबाड़ी और स्वास्थ्य केंद्र आमजन को सीधे सेवा प्रदान करने वाली महत्वपूर्ण संस्थाएं हैं। इनके संचालन, पोषण आहार, स्वास्थ्य सेवाओं और अभिलेखों के संधारण में जवाबदेही सुनिश्चित की जाए तथा कमियों को तत्काल दूर किया जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!