Welcome to News Dastak 24   Click to listen highlighted text! Welcome to News Dastak 24
https://newsdastak24.in/wp-content/uploads/2024/01/jjujuu.gifकोरबाक्राइमछत्तीसगढ़टॉप न्यूज़

कोरबा : अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग का बड़ा एक्शन, 61 प्रकरण दर्ज

178.870 लीटर अवैध शराब और 325 किलो महुआ लाहन जब्त, 11 आरोपी जेल भेजे गए

कोरबा, 11 सितंबर 2026। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने व्यापक अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर आबकारी विभाग द्वारा लगातार छापेमार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत 1 सितंबर से 10 सितंबर 2026 तक जिले में अवैध शराब से जुड़े 61 आपराधिक प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
कार्रवाई के दौरान आबकारी अमले ने कुल 178.870 लीटर अवैध शराब तथा 325 किलो शराब बनाने में प्रयुक्त महुआ लाहन बरामद कर जब्त किया है। वहीं, अधिक मात्रा में अवैध शराब रखने और बिक्री करने के मामलों में 11 आरोपियों के विरुद्ध धारा 34(2) के तहत अजमानतीय अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया। जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई है।
नगाई, लाफा और अंडीकछार में बड़ी बरामदगी
आबकारी विभाग के अनुसार नगाई थाना पाली, लाफा थाना पाली और अंडीकछार थाना हरदीबाजार क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री की सूचना पर उपनिरीक्षक श्रीमती दीपमाला लक्षवानी के नेतृत्व में टीम ने दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान संतराम पिता नेतराम, शिव शंकर पिता चमरू गोस्वामी, संतोष गोस्वामी पिता शिवशंकर, मनोहर अगरिया पिता महेश तथा रामू जांगड़े पिता स्व. बैसाखू जांगड़े के कब्जे से क्रमशः 8, 12.2, 11.5, 10.2 और 41 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। इस कार्रवाई में कुल 82.9 लीटर महुआ शराब और 285 किलो महुआ लाहन जब्त किया गया। आरोपियों को न्यायालय कटघोरा में पेश करने के बाद रिमांड पर कोरबा जेल भेजा गया।
छद्म क्रेता बनकर पहुंची आबकारी टीम, 44.700 लीटर शराब बरामद
सुतर्रा थाना कटघोरा, मानपुर थाना कटघोरा और कुदरीखार थाना उरगा क्षेत्र में ग्रामीणों द्वारा अवैध शराब बिक्री किए जाने की सूचना पर आबकारी उपनिरीक्षक सुकांत पाण्डेय के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की।
बताया गया कि टीम ने छद्म क्रेता के माध्यम से शराब खरीदने की कार्रवाई की। इसके बाद आरोपियों के रहवासी क्षेत्रों में दबिश देकर क्रमशः 14, 8.7 और 22 लीटर, कुल 44.700 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय कटघोरा में पेश किया गया, जहां से उन्हें रिमांड पर जेल भेजा गया।
बांधपारा-जुनवानी में रंगे हाथ पकड़े गए आरोपी
बांधपारा जुनवानी क्षेत्र में अवैध शराब बनाकर बिक्री किए जाने की सूचना पर आबकारी टीम ने दबिश दी। कार्रवाई के दौरान शशी प्रसाद पिता रतन सिंह और जयराम पिता स्व. घासीराम को क्रमशः 15.5 और 6.5 लीटर अवैध शराब की बिक्री करते हुए पकड़ा गया।
उपनिरीक्षक नारायण सिंह कंवर के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोरबा न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल दाखिल किया गया।
भैसमाखार और रलिया में भी कार्रवाई
इसी क्रम में भैसमाखार थाना कुसमुंडा एवं रलिया थाना हरदीबाजार क्षेत्र में भी आबकारी विभाग ने कार्रवाई की। यहां धनकुंवर पति दिलेश्वर और परदेशी राम पिता मंगलसिंह को क्रमशः 15.5 और 8.5 लीटर अवैध शराब की बिक्री करते हुए पकड़ा गया।
उपनिरीक्षक श्रीमती जया मेहर के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय कटघोरा में पेश किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया।
5 लीटर से अधिक अवैध शराब पर अजमानतीय अपराध
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि छत्तीसगढ़ में 5 लीटर से अधिक मात्रा में अवैध शराब का धारण, निर्माण, बिक्री या परिवहन दंडनीय एवं अजमानतीय अपराध है। ऐसे मामलों में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाता है। न्यायिक अभिरक्षा में भेजे जाने के बाद विवेचना पूरी कर अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया जाता है।
प्रावधान के अनुसार दोषसिद्ध होने पर एक से तीन वर्ष तक के कारावास तथा 25 हजार से 1 लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। वहीं, दूसरी बार दोषसिद्ध पाए जाने पर दो से पांच वर्ष तक के कारावास तथा 50 हजार से 2 लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान बताया गया है।
कलेक्टर के निर्देश के बाद आबकारी अमला लगातार सक्रिय
जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। सहायक आयुक्त आबकारी रविशंकर यादव के नेतृत्व में अमले को सक्रिय कर अलग-अलग क्षेत्रों में सूचना के आधार पर दबिश दी जा रही है। लगातार हो रही कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
एक नजर में कार्रवाई:
🔴 61 आपराधिक प्रकरण दर्ज
🔴 178.870 लीटर अवैध शराब जब्त
🔴 325 किलो महुआ लाहन बरामद
🔴 11 आरोपी न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजे गए
🔴 जब्त शराब का अनुमानित बाजार मूल्य करीब ₹40 हजार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!