
*न्यूज दस्तक 24 (एजेंसी)
पोंड़ी उपरोड़ा/पसान। कोरबा जिले के विकासखंड पोंड़ी उपरोड़ा अंतर्गत थाना पसान क्षेत्र के ग्राम पंचायत सेमरा में जहरीले सर्प के काटने से एक 60 वर्षीय वृद्ध महिला की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक के साथ-साथ जहरीले सर्पों को लेकर भय का माहौल बना हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सेमरा निवासी फूलकुंवर (60 वर्ष), पति स्वर्गीय समार सिंह बुधवार की रात अपने घर में सो रही थीं। रात करीब 12 बजे अचानक एक करैत सर्प ने उन्हें डस लिया। सर्प के काटने की जानकारी मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया और तत्काल महिला को उपचार के लिए अस्पताल ले जाने की तैयारी की गई।
परिजन महिला को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौरेला लेकर रवाना हुए, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी हालत गंभीर हो गई और उन्होंने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव
चिकित्सकीय सलाह के बाद घटना की सूचना गौरेला थाना में दी गई। पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।
घटना से गांव में शोक और भय का माहौल
अचानक हुई इस दर्दनाक घटना से फूलकुंवर के परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं, गांव में भी शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के मौसम में सर्पों के निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं, ऐसे में घरों और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
सावधानी: सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक या घरेलू उपचार में समय गंवाने के बजाय पीड़ित को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र/अस्पताल पहुंचाना बेहद जरूरी है।




