जांजगीर-चांपा में रिश्वतखोरी पर ACB का बड़ा प्रहार! वेतन वृद्धि का एरियर निकालने के नाम पर ₹20 हजार की मांग, ₹10 हजार लेते प्रिंसिपल और सहायक ग्रेड-3 गिरफ्तार

न्यूज दस्तक 24 (एजेंसी)
जांजगीर-चांपा// शासकीय कार्य के एवज में रिश्वत मांगने वालों के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई की है। शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला किरारी की प्रिंसिपल अंजना सोनी और स्कूल में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 विकास मसीह को कथित तौर पर ₹10 हजार की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है।
मामले में शिकायतकर्ता मनीष राठौर ने एसीबी बिलासपुर से शिकायत कर बताया था कि उनके वेतन वृद्धि से संबंधित एरियर की राशि निकालने के लिए ₹20 हजार की रिश्वत मांगी जा रही थी। बताया गया कि बाद में रिश्वत की रकम को लेकर सौदा ₹10 हजार में तय हुआ।
शिकायत के बाद ACB ने बिछाया जाल
शिकायत की जानकारी मिलने के बाद एसीबी बिलासपुर की टीम ने मामले का सत्यापन करने के पश्चात कार्रवाई की योजना बनाई। तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम लेकर आरोपियों के पास भेजा गया।
बताया जा रहा है कि जैसे ही प्रिंसिपल अंजना सोनी और सहायक ग्रेड-3 विकास मसीह ने ₹10 हजार की रिश्वत की रकम ली, एसीबी की टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए दोनों को पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली गई।
दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई जारी
एसीबी की इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग सहित पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। एसीबी द्वारा दोनों आरोपियों के विरुद्ध नियमों के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
वेतन और एरियर जैसी कर्मचारी की वैधानिक प्रक्रिया के लिए रिश्वत मांगने के आरोप ने व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि इस मामले में आगे जांच के दौरान और कौन-कौन से तथ्य सामने आते हैं।




