Welcome to News Dastak 24   Click to listen highlighted text! Welcome to News Dastak 24
गौरेला पेंड्रा मरवाहीछत्तीसगढ़

GPM : कलेक्टर ने धार्मिक एवं पर्यटन स्थल धनपुर का किया निरीक्षण* *नवरात्रि से पहले मंदिर परिसर के विकास कार्य पूर्ण करने के निर्देश, प्राचीन धरोहरों के संरक्षण पर दिया जोर*

न्यूज दस्तक 24 (एजेंसी)

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 8 अगस्त 2026/कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने आज जिले के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थल धनपुर का निरीक्षण किया। उन्होंने आदिशक्ति मां दुर्गा मंदिर परिसर में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया तथा आगामी नवरात्रि पर्व को ध्यान में रखते हुए सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को दिए। उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना कर जिले वासियों की सुख-समृध्दि की कामना की।

कलेक्टर ने मंदिर परिसर में निर्माणाधीन शेड, बाउंड्रीवॉल, पेवर ब्लॉक एवं नाली निर्माण कार्यों की प्रगति का अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण एजेंसी एवं मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों से कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा एवं मंदिर परिसर की सुंदरता को ध्यान में रखते हुए कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने आगामी नवरात्रि पर्व से पूर्व आवश्यक कार्यों को अनिवार्य रूप से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने मंदिर के सामने स्थित धनपुर-धोबहर धरोहर केंद्र का भी अवलोकन किया। उन्होंने यहां संरक्षित एवं प्रदर्शित प्राचीन मूर्तियों तथा पुरातात्विक धरोहरों की जानकारी ली। उन्होंने मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों एवं ग्राम पंचायत के सरपंच से कहा कि प्राचीन धरोहरों एवं स्थानीय संस्कृति के संरक्षण के लिए आपसी समन्वय से कार्य करें। उन्होंने मंदिर परिसर में मौजूद प्राचीन मूर्तियों को भी धरोहर केंद्र में सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संरक्षित करने के निर्देश दिए, ताकि धनपुर आने वाले श्रद्धालु देवी दर्शन के साथ-साथ क्षेत्र की समृद्ध ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत से भी परिचित हो सकें। कलेक्टर ने कहा कि धनपुर धार्मिक आस्था के साथ-साथ ऐतिहासिक एवं पर्यटन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण स्थल है। यहां उपलब्ध धार्मिक, ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक धरोहरों को बेहतर ढंग से संरक्षित एवं विकसित करने से धनपुर को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में और अधिक पहचान मिल सकती है। इससे स्थानीय स्तर पर पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ ही रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।

कलेक्टर ने पर्यटन स्थल बेनीबाई का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विशालकाय चट्टान पर उकेरी गई प्राचीन मूर्ति, जिसे स्थानीय रूप से बेनीबाई के नाम से जाना जाता है, का अवलोकन किया। उन्होंने मौके पर उपस्थित प्रबुद्धजनों एवं स्थानीय नागरिकों से बेनीबाई से जुड़ी ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पृष्ठभूमि की जानकारी ली। उन्होंने इस महत्वपूर्ण धरोहर के संरक्षण एवं पर्यटन की दृष्टि से आवश्यक सुविधाओं के विकास पर भी चर्चा की। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकेश रावटे एवं जिला पर्यटन विकास के नोडल अधिकारी डॉ. राहुल गौतम सहित संबंधित अधिकारी, मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!